घुघुली ब्लॉक के जोगिया गांव में मनरेगा में बड़ा फर्जीवाड़ा, मजदूरों की फर्जी हाजिरी से लाखों की लूट
- By UP Samachaar Plus --
- Tuesday 17 Dec, 2024
- 384
मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा
UP Samachar Plus
घुघुली (महराजगंज), 17 दिसंबर। जिले के घुघुली ब्लॉक अंतर्गत जोगिया गांव में मनरेगा योजना के तहत बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। मनरेगा, जो गांव के बेरोजगार लोगों को रोजगार मुहैया कराने के लिए सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, वहां भ्रष्टाचार के चलते जिम्मेदारों की मिलीभगत से इस योजना का लाभ पात्र लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है।
धान की कटाई के बाद जिले में मनरेगा योजना के तहत चकबंध कार्य, सिंचाई नाला सफाई और अन्य विकास कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। हालांकि, जोगिया गांव में रोजगार सेवक और ग्राम प्रधान की मिलीभगत से फर्जी हाजिरी भरकर लाखों रुपये के घोटाले की बात सामने आई है।
करीब डेढ़ सौ मजदूरों की फर्जी हाजिरी का खेल
सूत्रों के मुताबिक, जोगिया गांव में जहां कार्य पहले ही पूरा हो चुका है, वहां रोजगार सेवक द्वारा प्रतिदिन करीब 150 मजदूरों की ऑनलाइन फर्जी हाजिरी दर्ज कराई जा रही है। वहीं, मौके पर कोई कार्य होते हुए नहीं मिला। ऑनलाइन उपस्थिति के लिए अपलोड की गई तस्वीरों की भी जांच में यह पाया गया कि फोटो जियो टैगिंग के लिए फर्जी तरीके से इस्तेमाल की गई हैं।
ग्राम सचिव और बीडीओ का बयान
मामले के संज्ञान में आने पर ग्राम सचिव से जब जवाब मांगा गया तो उन्होंने अनभिज्ञता जाहिर करते हुए कहा कि वह संबंधित लोगों को कारण बताओ नोटिस जारी करेंगे।
वहीं, खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) ने कहा कि "मामले की जांच के लिए टीम गठित कराई जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।"
जिले में मनरेगा के तहत हो रहे इस घोटाले से ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने प्रशासन से मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

